ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना के शिमलापुरी इलाके में एक बंद मकान से बुजुर्ग दंपति के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना का खुलासा तब हुआ जब विदेश में रहने वाली उनकी बेटी ने सुबह करीब 10:40 बजे रिश्तेदारों को फोन कर बताया कि उसके माता-पिता फोन नहीं उठा रहे हैं। इसके बाद परिजन उनके घर पहुंचे और स्थिति की जांच की।
अंदर से बंद था घर का दरवाजा
मृतक के रिश्तेदार बब्बल के अनुसार घर का मुख्य गेट अंदर से बंद था और कमरे का दरवाजा भी कुंडी से लगा हुआ था। घर के बाहर एक्टिवा और कार खड़ी थीं, जिससे किसी के बाहर जाने की संभावना नहीं लग रही थी। दरवाजे के पास पहुंचने पर बदबू आने लगी। जब दरवाजे को धक्का दिया गया तो वह खुल गया और अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए।
सिर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका
घर के अंदर 75 वर्षीय कुलदीप सिंह और उनकी 73 वर्षीय पत्नी हरमीत कौर के शव अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले। दोनों के सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। शुरूआती तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि दंपति की हत्या की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सालों से इलाके में रह रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार कुलदीप सिंह और उनका परिवार पिछले करीब 55 सालों से जनता नगर, शिमलापुरी में रह रहा था। उनकी पंखे बनाने की फैक्ट्री भी थी। दंपति की पांच बेटियां हैं, जिनमें से दो कनाडा, एक अमेरिका, एक इंग्लैंड और एक गाजियाबाद में रहती है। उनका एक बेटा भी था, जिसकी साल 2006 में मृत्यु हो चुकी है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।