पंजाब और चंडीगढ़ में फिलहाल मानसून की बारिश थम गई है। बारिश रुकने से राज्य में एक बार फिर उमस और गर्मी बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने 15 जुलाई के लिए फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा में गर्म और उमस भरे मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
हालांकि, पठानकोट के कुछ इलाकों के साथ गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा, रूपनगर और मोहाली में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बठिंडा 39.4 डिग्री सेल्सियस के साथ पंजाब का सबसे गर्म जिला रहा।
मौसम विभाग का अनुमान
अगले 3 से 4 दिनों तक पंजाब में व्यापक बारिश की संभावना कम है। हालांकि कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
मानसून फिलहाल कमजोर है, इसलिए आने वाले दिनों में उमस और तापमान बढ़ने की संभावना है।मौसम विभाग के अनुसार 19 जुलाई के बाद बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी प्रणाली फिर सक्रिय होगी। इसके बाद 20 से 22 जुलाई के बीच राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की उम्मीद है।
बिजली की मांग बढ़ी
गर्मी और उमस का असर बिजली की खपत पर भी दिख रहा है। मंगलवार को पंजाब में बिजली की अधिकतम मांग 14,948 मेगावाट दर्ज की गई। राज्य को अतिरिक्त बिजली ग्रिड से खरीदकर जरूरत पूरी करनी पड़ी।
बांधों का जलस्तर सामान्य
भाखड़ा और पोंग बांध में पानी का स्तर फिलहाल खतरे के निशान से काफी नीचे है। ऐसे में राज्य में फिलहाल बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।