ख़बरिस्तान नेटवर्क : दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और छात्रों के जारी प्रदर्शन के बीच नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने 23 जुलाई को कनॉट प्लेस स्थित सभी दुकानों, कार्यालयों और रेस्टोरेंट को शाम 6:30 बजे तक बंद करने की अपील की है। यह फैसला क्षेत्र की सुरक्षा और मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
NDMC ने गंभीर स्थिति का हवाला दिया
NDMC की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया कि चेयरमैन और वाइस चेयरमैन की सलाह पर कनॉट प्लेस और आसपास के क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए व्यापारिक प्रतिष्ठानों को समय से पहले बंद करने की सलाह दी गई है। इसका उद्देश्य किसी भी संभावित असुविधा या सुरक्षा संबंधी स्थिति से बचाव करना है।
अरविंद केजरीवाल ने सरकार से किया सवाल
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर NDTA की एडवाइजरी साझा करते हुए केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या सरकार आज फिर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग करेगी।
जंतर-मंतर से कनॉट प्लेस की दूरी करीब एक किलोमीटर
जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस के बीच लगभग एक किलोमीटर की दूरी है। ऐसे में जंतर-मंतर पर बड़े प्रदर्शन, सुरक्षा व्यवस्था या पुलिस कार्रवाई का असर अक्सर कनॉट प्लेस, जनपथ, बाराखंभा रोड, मंडी हाउस और संसद मार्ग जैसे आसपास के इलाकों में भी देखने को मिलता है।