ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के मोगा के अजीतवाल कस्बे में दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शॉप में लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। ‘कोकरी ज्वेलर्स’ नामक दुकान में चार हथियारबंद बदमाशों ने घुसकर पिस्तौल की नोक पर करीब 6 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लूट लिए। वारदात के दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने दुकान मालिक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
तीन बदमाश दुकान में घुसे, एक बाहर करता रहा निगरानी
जानकारी के अनुसार, चारों आरोपी पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। इनमें से तीन बदमाश सीधे दुकान के अंदर दाखिल हुए, जबकि चौथा साथी मुख्य सड़क पर खड़े होकर निगरानी करता रहा। दुकान में घुसते ही आरोपियों ने मालिक हरजिंदर सिंह को हथियार दिखाकर काबू में लेने की कोशिश की।
विरोध करने पर किया धारदार हथियार से हमला
दुकान मालिक हरजिंदर सिंह ने जब बदमाशों का विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के बाद बदमाश दुकान में रखे करीब 6 लाख रुपये के सोने के आभूषण लेकर मौके से फरार हो गए। घायल दुकानदार को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।