छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटे के भीतर अलग-अलग सड़क हादसों में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। सबसे बड़ा हादसा रायगढ़ जिले में हुआ, जहां तेज रफ्तार पिकअप खाई में गिर गई। इसके अलावा सरगुजा, सूरजपुर, बालोद और बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर भी दर्दनाक हादसे सामने आए।
रायगढ़ में पिकअप खाई में गिरी, 4 की मौत
रायगढ़ के छाल थाना क्षेत्र से जुड़े मामले में 25 फरवरी की रात एक पिकअप वाहन तेज रफ्तार में बेकाबू होकर खाई में पलट गया। पिकअप में सवार लोग सगाई कार्यक्रम से लौट रहे थे। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 18 लोग घायल हैं। दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होने की आशंका जताई गई है, वहीं चालक हादसे के बाद फरार है।
सरगुजा में दो बाइकों की टक्कर
सरगुजा जिले के नेशनल हाईवे-43 पर शांतिपारा के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में एक युवा भाजपा नेता समेत दो युवकों की मौत हो गई।
सूरजपुर में बाइक हादसा, 3 की मौत
सूरजपुर जिले में बाइक की टक्कर में दो युवक और एक महिला शिक्षिका की जान चली गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
बालोद में स्कूल वैन नाले में गिरी
बालोद जिले में स्कूल वैन के नाले में गिरने से पहली कक्षा की छात्रा की मौत हो गई, जबकि 13 बच्चे घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर ट्रेलर की चपेट में आने से मोपेड सवार महिला की मौत हो गई।पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है और घायलों के इलाज की निगरानी की जा रही है। लगातार हो रहे हादसों ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।



