बोलिविया के एल आल्टो शहर में शनिवार सुबह (भारतीय समयानुसार) वायुसेना का हरक्यूलिस विमान हादसे का शिकार हो गया। इस भीषण दुर्घटना में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। विमान देश के सेंट्रल बैंक के नए नोट लेकर जा रहा था।
खराब मौसम में नोटों से भरा वायुसेना का विमान क्रैश
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, खराब मौसम के बीच लैंडिंग के बाद विमान रनवे से फिसल गया और पास की व्यस्त सड़क पर जा गिरा। हादसे के वक्त सड़क पर खड़ी 10 से 15 गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं, जिन्हें भारी नुकसान पहुंचा।
हादसे के बाद सड़क पर विमान का मलबा, क्षतिग्रस्त कारें और शव बिखरे नजर आए। दुर्घटना स्थल पर बैंक के नोट भी फैले दिखे, जिन्हें उठाने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को पानी की बौछार और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।
दो टुकड़ों में बंटा विमान
दुर्घटना के बाद एल आल्टो इंटरनेशनल एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। राष्ट्रीय एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि यह विमान उसके बेड़े का हिस्सा नहीं था, बल्कि वायुसेना का था। स्थानीय मीडिया के फुटेज में विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त और दो टुकड़ों में बंटा हुआ दिखाई दे रहा है।
इस बीच बोलिविया का सेंट्रल बैंक आज इस हादसे पर प्रेस ब्रीफिंग करेगा। दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक जांच शुरू कर दी गई है। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में जारी है, जबकि प्रशासन मृतकों की पहचान और नुकसान का आकलन कर रहा है।