बिहार की राजनीति में बड़ा फैसला सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, सम्राट चौधरी को राज्य का नया मुख्यमंत्री चुना गया है। लंबे समय से चल रही अटकलों के बाद उनके नाम पर मुहर लग गई है। वहीं, निशांत कुमार को डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चा है, जबकि विजय चौधरी का नाम भी उपमुख्यमंत्री पद के लिए लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि, औपचारिक घोषणा अभी बाकी है।
जानकारी के मुताबिक, 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे पटना के लोकभवन में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ दो उपमुख्यमंत्री भी शपथ लेंगे। समारोह को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि 13 अप्रैल को राज्यपाल के सचिव डॉ. रॉबर्ट एल. चोंग्थू ने सम्राट चौधरी से मुलाकात कर शपथ ग्रहण की रूपरेखा और संभावित मंत्रिमंडल पर चर्चा की थी। दरअसल, नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद मुख्यमंत्री पद खाली हो गया था। इसके बाद नए सीएम के नाम को लेकर कई कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन आखिरकार सम्राट चौधरी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
सम्राट चौधरी का जन्म 16 नवंबर 1968 को हुआ था। उनके पिता शकुनी चौधरी एक प्रसिद्ध समाजवादी नेता रहे हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) से की और लालू प्रसाद यादव के साथ काम किया। बाद में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया और अब पार्टी के प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके सामने बिहार के विकास को नई दिशा देने की बड़ी चुनौती होगी।