कनाडा के एडमोंटन शहर में एक तीन मंजिला रिहायशी और व्यावसायिक इमारत में लगी भीषण आग में पंजाब के लुधियाना जिले के गांव आलीवाल के एक बुजुर्ग दंपति की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की पहचान 82 साल के मेजर सिंह भंडाल और उनकी 80 साल की पत्नी सुरिंदर कौर के रूप में हुई है। हादसे के बाद गांव आलीवाल में शोक की लहर है।परिजनों के अनुसार, मेजर सिंह का शव बरामद कर उनकी पहचान कर ली गई है, जबकि सुरिंदर कौर आग की चपेट में आ गईं। इमारत में आग पूरी तरह नहीं बुझने के कारण उनका शव अभी तक नहीं निकाला जा सका है, लेकिन उनकी मौत की पुष्टि हो चुकी है।
बताया जा रहा है कि मेजर सिंह और उनकी पत्नी अपनी बेटी संदीप कौर के साथ लंबे समय से कनाडा में रह रहे थे। इस दर्दनाक हादसे से परिवार और गांव में गहरा दुख है।