पंजाब और चंडीगढ़ में सरकारी अस्पतालों और डिस्पेंसरियों के ओपीडी समय में बदलाव किया गया है। प्रशासन ने यह फैसला सर्दियों के मौसम को ध्यान में रखते हुए लिया है। नया समय आज, 16 अक्टूबर से लागू हो गया है। हालांकि, इमरजेंसी सेवाएं पहले की तरह 24 घंटे चालू रहेंगी।
अब ओपीडी का नया समय
नए आदेशों के अनुसार, अब पंजाब और चंडीगढ़ के सभी सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी। यह व्यवस्था 16 अक्टूबर से 15 अप्रैल तक लागू रहेगी। इसके बाद, यानी 16 अप्रैल से, फिर से पुराना समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक बहाल कर दिया जाएगा। प्रशासन ने बताया कि सर्दियों में धुंध और कोहरे के कारण मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया गया है।
पंजाब के अस्पतालों में भी नई टाइमिंग लागू
पंजाब के सभी जिला अस्पताल, सब-डिवीजनल अस्पताल, प्राइमरी हेल्थ सेंटर, कम्युनिटी हेल्थ सेंटर, आम आदमी क्लिनिक, ईएसआई अस्पताल और डिस्पेंसरियां अब सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक खुलेंगी। वहीं, इमरजेंसी सेवाएं पूरे 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी।
रजिस्ट्रेशन काउंटर आधा घंटा पहले खुलेंगे
मरीजों की सुविधा के लिए अब अस्पतालों के रजिस्ट्रेशन काउंटर ओपीडी खुलने से आधा घंटा पहले खोले जाएंगे, ताकि पर्ची बनवाने में देरी न हो।सिविल सर्जन कार्यालय का समय पहले की तरह सुबह 9 से शाम 5 बजे तक रहेगा, इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।