जालंधर महानगर में फायरिंग की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। ताजा मामला संतोखपुरा इलाके से सामने आया है, जहां देर रात बदमाशों ने डॉक्टर यशपाल के घर के बाहर खड़ी कार और मकान पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। यह घटना रात करीब 1:40 बजे की बताई जा रही है।
हमलावरों ने करीब 10 राउंड फायर किए
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने पहले घर के बाहर खड़ी कार को निशाना बनाया, इसके बाद घर पर भी फायरिंग की। घटना के वक्त डॉक्टर यशपाल अपने परिवार के साथ घर के अंदर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 10 राउंड फायर किए। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी जयंतपुरी मौके पर पहुंचे और थाना 8 के एसएचओ के साथ जांच शुरू की। एसीपी ने बताया कि परिवार के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
फायरिंग के पीछे फिलहाल किसी तरह की फिरौती की मांग या पुरानी रंजिश सामने नहीं आई है। वहीं इलाके के पार्षद राजेश ठाकुर ने बताया कि देर रात करीब 2 बजे डॉक्टर यशपाल का फोन आया था, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर को दे दी गई है, जिन्होंने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।
पार्षद के अनुसार डॉक्टर यशपाल को वह पिछले 20 वर्षों से जानते हैं और डॉक्टर मोगा में अस्पताल चलाते हैं। सीसीटीवी फुटेज में तीन लोग घटना को अंजाम देते हुए नजर आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।