जालंधर के बस्ती इलाके में देर रात 12 बजे के बाद हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा एमएस फार्म के पास उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य ई-रिक्शा में सवार होकर बाजार से सब्जी खरीदकर घर लौट रहे थे। पुलिस ने आरोपी फॉर्च्यूनर कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित परिवार की महिला सीमा ने बताया कि बस्ती पीरदाद रोड पर शेर सिंह कॉलोनी के पास ओवरस्पीड फॉर्च्यूनर कार ने उनके ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद उसकी बुजुर्ग मां शीतल शर्मा और 10 साल की भतीजी माही शर्मा सड़क पर गिर गईं। आरोप है कि कार चालक नशे में था और उसने सड़क पर गिरी दोनों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सीमा के अनुसार, हादसे में उसका भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका कंधा टूट गया। परिवार ने तुरंत पीसीआर को सूचना दी। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार चालक भागने की कोशिश कर रहा था और उसने एक पीसीआर कर्मी की वर्दी पर भी हाथ डाल दिया। हालांकि राहगीरों ने उसे पकड़कर बस्ती बावा खेल पुलिस के हवाले कर दिया।
दूसरी ओर, आरोपी का देर रात 3 बजे तक मेडिकल न करवाए जाने पर पीड़ित परिवार के लोगों ने बस्ती बावा खेल पुलिस स्टेशन के बाहर हंगामा कर दिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस आरोपी को बचाने की कोशिश कर रही थी।
जब परिजन थाने पहुंचे तो पुलिस ने थाने का गेट अंदर से बंद कर दिया। इस पर लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। थाने के एसएचओ जयइंद्र ने बताया कि गेट इसलिए बंद किया गया था ताकि माहौल खराब न हो। बाद में लोगों के हंगामे के बाद रात करीब 3 बजे आरोपी का मेडिकल करवाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फॉर्च्यूनर कार तेज रफ्तार में थी। कार ने पहले ई-रिक्शा को टक्कर मारी और फिर खंभे से जा टकराई। लोगों का कहना है कि चालक को होश नहीं था और वह ई-रिक्शा से गिरे लोगों को कुचलता हुआ निकल गया। सड़क पर गिरी 10 साल की बच्ची की टांगें कुचल जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।