पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के चलते पंजाब और चंडीगढ़ का मौसम अचानक बदल गया है। पिछले 24 घंटों में तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम सामान्य के करीब पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 30 मार्च को भी राज्य में बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि का भी खतरा जताया गया है, जिसके चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 31 मार्च को भी इसी तरह का मौसम बना रहने की संभावना है।राज्य में सबसे कम अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस अबोहर में दर्ज किया गया।
11 जिलों में ओलावृष्टि का खतरा
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब के 23 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जबकि 11 जिलों में तेज हवाओं के साथ ओले गिर सकते हैं। इनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली शामिल हैं। बाकी जिलों में आंधी और बारिश की संभावना है, लेकिन ओलावृष्टि नहीं होगी।
मौसम बदलने की वजह
उत्तर ईरान और कैस्पियन सागर के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर पंजाब के मौसम पर दिख रहा है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम राजस्थान के ऊपर बना चक्रवाती घेरा भी मौसम को प्रभावित कर रहा है। वहीं 2 अप्रैल से एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में फिर बदलाव आ सकता है।
3 अप्रैल तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 30 मार्च को कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 31 मार्च से 3 अप्रैल के बीच कुछ स्थानों पर बारिश जारी रह सकती है। इसके बाद भी मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।तापमान अगले दो दिनों में 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है, जबकि इसके बाद 3 से 5 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है।
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
31 मार्च को कई जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। वहीं 1 अप्रैल को भी राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने और खराब मौसम के दौरान जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी है।