ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के बठिंडा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने अपनी ही मां को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश की। इस घटना में बुजुर्ग महिला बुरी तरह से घायल हो गई और उसका अस्पताल में ईलाज चल रहा है। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जमीन के बंटवारे को लेकर था विवाद
जानकारी के मुताबिक पीड़िता नसीब कौर और उनके बेटे कुलदीप सिंह के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। कुलदीप ट्रैक्टर को लेकर जा रहा था, इस दौरान उसकी मां अपना हक मांगने के लिए ट्रैक्टर के सामने आकर लेट गई और अपना विरोध जताया। जिसके बाद बेटे ने अपनी मां पर ही ट्रैक्टर चढ़ा दिया।
मां को हाथों से पकड़ कर घसीटा भी
इतने में भी कुलदीप का दिल नहीं पिघला। उसने फिर अपनी घायल मां को ट्रैक्टर के नीचे से घसीटकर सड़क किनारे कर दिया। इसके बाद वह अपनी मां को पीटता हुआ भी दिखाई दे रहा है। घटना के बाद नसीब कौर को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां उनका ईलाज चल लहा है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
वहीं इस मामले पर डीएसपी अमृतपाल सिंह का कहना है कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है। यह मामला बेहद गंभीर है। सीसीटीवी फुटेज को मुख्य सबूत के तौर पर शामिल किया गया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। बयान दर्ज होने के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।