ख़बरिस्तान नेटवर्क : नोएडा में 2 स्कूल बस आपस में एक-दूसरे से टकरा गई। इस हादसे में 12 से ज्यादा बच्चे घायल हो गए हैं, जिन्हें ईलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। कुछ बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं और उनके शरीर से खून भी बह रहा है। फिलहाल सभी का ईलाज चल रहा है।
सुबह करीब साढ़े 7 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक यह हादसा नोएडा रूपवास गांव के पास करीब सुबह साढे 7 बजे के आस-पास हुआ है। जहां बच्चों से भरी जीजस मैरी स्कूल और रामाज्ञ स्कूल बस से सामने से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के समय जीसस मैरी स्कूल की बस में करीब 25 बच्चे सवार थे, जबकि दूसरी बस खाली बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू
हादसे के बाद बच्चों की चीख-पुकार सुनते ही आस-पास के लोग दौड़े-दौड़े आए। उन्होंने बच्चों को रेस्क्यू किया और पुलिस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। वहीं हादसे में बस ड्राइवर बुरी तरह से अंदर फंस गया था। जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
बस ड्राइवर की हालत नाज़ुक
डॉक्टर की टीम ने बताया कि ज्यादातर बच्चों को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन कुछ बच्चों को ज्यादा चोटे लगने के कारण निगरानी में रखा गया है। उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है। वहीं, हादसे में स्कूल बस का चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसके सिर में गहरी चोट आई है और उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है।