लगातार बढ़ रही गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां पहले ही घोषित कर दी हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर अब 20 अप्रैल से 15 जून तक सभी स्कूल बंद रहेंगे। पहले ये छुट्टियां 1 मई से शुरू होनी थीं, लेकिन बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए तारीख आगे बढ़ा दी गई है।
स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर स्पष्ट किया है कि यह फैसला राज्य के सभी सरकारी, प्राइवेट और सहायता प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा। 19 अप्रैल को रविवार होने के कारण छात्रों की छुट्टियां एक दिन पहले ही शुरू हो गईं।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भीषण गर्मी और लू को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। इसी कारण सरकार ने समय से पहले छुट्टियां घोषित करने का फैसला लिया है, ताकि बच्चों को राहत मिल सके।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। रायपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कुछ क्षेत्रों में लू की स्थिति बनी रह सकती है। साथ ही आने वाले दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी की संभावना है।