केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) की मार्च रिपोर्ट में देशभर की 141 दवाएं गुणवत्ता जांच में फेल पाई गई हैं। इनमें कफ सिरप, इंजेक्शन और दिल, मिर्गी, ब्लड प्रेशर व शुगर जैसी बीमारियों में इस्तेमाल होने वाली दवाएं शामिल हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, सबसे ज्यादा 47 दवाओं के सैंपल हिमाचल प्रदेश से फेल हुए हैं। इसके अलावा उत्तराखंड, गुजरात, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों की दवाएं भी मानकों पर खरी नहीं उतरीं।
खास चिंता की बात यह है कि 17 कफ सिरप के सैंपल भी फेल पाए गए हैं। इसके अलावा आयरन, विटामिन की गोलियां और पेट दर्द की दवाएं भी जांच में असफल रही हैं।
दवाओं के अलावा कुछ रोजमर्रा के उत्पाद जैसे टूथपेस्ट, साबुन और मेहंदी कोन के सैंपल भी फेल मिले हैं। जांच में पाया गया कि कुछ उत्पादों में पैकेट पर लिखी सामग्री मौजूद ही नहीं थी।
अधिकारियों का कहना है कि जिन कंपनियों की दवाएं फेल पाई गई हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और उत्पादन बंद करवाकर नोटिस जारी किए गए हैं। लोगों को ऐसी दवाओं का इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई है।