पंजाब में सरकारी कर्मचारियों की लंबित महंगाई भत्ता (डीए) किश्तों और बकाया फंड जारी करने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने डीसी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कर्मचारियों को उनका हक जल्द देने की मांग उठाई।
धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस प्रधान रजिंदर बेरी ने कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों पर आर्थिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में सरकार को लंबित डीए किश्तें और अन्य बकाया राशि जल्द जारी करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों के साथ-साथ कर्मचारियों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं। महंगाई के इस दौर में परिवार का खर्च चलाना चुनौती बनता जा रहा है, इसलिए कर्मचारियों की जायज मांगों पर तुरंत फैसला लिया जाना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की लंबित मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और कर्मचारी समर्थक शामिल हुए।