ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना में दिनदहाड़े गोलीबारी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक युवक खुलेआम गोली चलाता हुआ दिखाई दे रहा है।
काफी देर से कर रहे थे रेकी
बताया जा रहा है कि वारदात से पहले दो संदिग्ध युवक काफी समय से इलाके में घूम रहे थे और गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। इसी दौरान एक युवक ऑटो के पीछे खड़ा था और अपने मोबाइल फोन पर व्यस्त था। हमलावर उसी युवक को निशाना बनाने के इरादे से वहां पहुंचे थे। मौका मिलते ही उन्होंने हथियार निकालकर उस पर हमला करने की कोशिश की।
पहली गोली चलते ही मचा हड़कंप
जैसे ही हमलावर ने गोली चलाई, इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए और मौके की ओर दौड़ पड़े। चश्मदीदों का कहना है कि आरोपियों ने दूसरी गोली चलाने का भी प्रयास किया, लेकिन वह फायर सफल नहीं हो सका। घटना के दौरान निशाना बनाए गए युवक ने भी जान बचाने के लिए वहां से भागने में ही भलाई समझी।
भीड़ देखकर बाइक छोड़ भागे आरोपी
गोलीबारी के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा होने लगे। लोगों को अपनी ओर आते देख हमलावर घबरा गए और जल्दबाजी में अपनी मोटरसाइकिल वहीं छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में पैदल फरार हो गए। घटनास्थल पर छोड़ी गई बाइक और CCTV फुटेज पुलिस के लिए जांच का अहम आधार बन गए हैं।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान करने और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।