ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के नूरमहल में थार सवार ने सड़क पार कर रही 3 महिलाओं को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई है। मृतका की पहचान मनप्रीत कौर के रूप में हुई है। मृतका मनप्रीत कौर का एक 6 साल का बेटा भी है।जबकि 2 का अस्पताल में ईलाज चल रहा है। मृतका के पति जसपाल की शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
30 मई रात की है पूरी घटना
मृतका के पति जसपाल ने बताया कि 30 मई को रात करीब 09:30 बजे उनकी पत्नी मनप्रीत कौर अपनी ननद किरण और पड़ोसी जोगिंदर कौर पत्नी हरभजन लाल के साथ नकोदर से नूरमहल पार कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक थार के चालक हमनीत सिंह उर्फ हनी ने उन्हें टक्कर मार दी। इस टक्कर में तीनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत ग्लोबल अस्पताल जालंधर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मनप्रीत कौर को मृत घोषित कर दिया।
आरोपी की तलाश में पुलिस ने शुरू की रेड
इस मामले में पुलिस ने बताया कि आरोपी के घर पर छापेमारी की गई थी, लेकिन वह फरार पाया गया। आरोपी के चाचा को जल्द से जल्द थाने में पेश होने की चेतावनी दी है। आरोपी के माता-पिता विदेश में रहते हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।