ख़बरिस्तान नेटवर्क : दिल्ली के मालवीय नगर में एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई है। आग लगने के कारण 20 लोगों की मौत हो गई है। बिल्डिंग से अबतक करीब 37 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। बेसमेंट से 3 लोगों का रेस्क्यू किया गया। कई लोगों की हालत गंभीर है, मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
सुबह करीब 9 बजे लगी आग
अधिकारियों ने बताया कि फायर ब्रिगेड को आग लगने की जानकारी सुबह करीब 9 बजे मिली। इसके बाद आग बुझाने वाली 10 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में लगी आग पर काबू पाने के लिए शुरुआती कदम के तौर पर दो वॉटर टेंडर, दो वॉटर बाउजर, एक क्विक रिस्पॉन्स गाड़ी और आग बुझाने वाली अन्य यूनिट्स भेजी गईं।
वहीं, स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह 8.51 बजे बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर आग लगी थी। जब वहां का कांच फोड़ा गया तो बेसमेंट की तरफ आग फेल गई।
जान बचाने के लिए रेस्टोरेंट से कूदते दिखे लोग
रेस्टोरेंट में आग लगने के बाद के कई वीडियोज सामने आए हैं, जिसमें देखा जा सकता है कि लोग अपनी जान बचाने के लिए रेलिंग से कूदते नजर आ रहे हैं. आग इतनी भयानक थी कि दूर से काले धुएं नजर आ रहे थे। रेस्टोरेंट में रुकने की भी व्यवस्था थी, जिस वजह से कुछ विदेशी भी यहां पर ठहरे हुए थे।