हिमाचल प्रदेश सरकार की तरफ से लगाए जा रहे एंट्री टैक्स के विरोध में पंजाब में निहंग संगठनों ने ‘खालसा टैक्स’ की वसूली शुरू कर दी है। इस अभियान की अगुआई तरना दल कर रहा है। बुधवार से कीरतपुर साहिब स्थित कुल्लू-मनाली हाईवे पर हिमाचल की ओर से आने वाले वाहनों से यह टैक्स लिया जा रहा है।
तरना दल के निहंग बाबा अच्छर सिंह ने बताया कि कारों और अन्य छोटी गाड़ियों से 100 रुपये, छोटे कॉमर्शियल वाहनों से 200 रुपये तथा बड़ी गाड़ियों से 300 से 500 रुपये तक की राशि वसूली जा रही है। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि दोपहर 3 बजे तक गांव मोड़ा के पास कुल्लू-मनाली हाईवे पर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम की जाएगी।
टैक्स वसूली को गैरकानूनी बताए जाने के सवाल पर बाबा अच्छर सिंह ने कहा कि एकत्र की गई राशि ‘सरबत के भले’ और समाजसेवा के कार्यों पर खर्च की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि उनकी ओर से किसी वाहन चालक के साथ जबरदस्ती नहीं की जा रही है।
राज्य सरकार लोगों से ‘गुंडा टैक्स’ वसूल रही
अच्छर सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा लिया जाने वाला टोल सड़क निर्माण और रखरखाव पर खर्च होता है, लेकिन हिमाचल सरकार का एंट्री टैक्स लोगों पर अतिरिक्त बोझ है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार लोगों से ‘गुंडा टैक्स’ वसूल रही है।
हिमाचल और पंजाब सरकार को चेतावनी दी
निहंग नेता ने हिमाचल और पंजाब सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो वे संघर्ष के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इस घटनाक्रम के बाद प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।