पंजाब के गुरदासपुर में भाजपा जिला ट्रेड सेल के अध्यक्ष विजय सोनी को निशाना बनाकर उनके पेट्रोल पंप पर अंधाधुंध फायरिंग की गई। घटना के समय विजय सोनी भगवानपुर स्थित अपने पेट्रोल पंप पर बैठकर हिसाब-किताब कर रहे थे। तभी बाइक सवार दो नकाबपोश हमलावर वहां पहुंचे और उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
क्रॉस फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार
विजय सोनी ने हिम्मत दिखाते हुए अपने पास मौजूद लाइसेंसी रिवाल्वर से जवाबी फायरिंग की। क्रॉस फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन उनकी कार पर 2 से 3 गोलियां लगने की बात सामने आई है।
CCTV कैमरों में कैद हुई घटना
पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई
पीड़ित परिवार का दावा है कि विजय सोनी को पिछले कुछ समय से विदेशी नंबरों से धमकी भरे फोन और संदेश मिल रहे थे। घटना के बाद एक ऑडियो मैसेज और संदेश भी भेजा गया, जिसमें कथित तौर पर 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई। संदेश में धमकी दी गई कि यह केवल “ट्रेलर” है और 10 दिनों के भीतर रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
विजय सोनी ने कहा कि वह किसी भी धमकी से डरने वाले नहीं हैं और भाजपा के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। वहीं, परिवार ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पुलिस अब CCTV फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और कथित रंगदारी वाले ऑडियो संदेश की जांच कर रही है। मामले को लेकर गुरदासपुर पुलिस द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस भी बुलाई गई है।