हिमाचल प्रदेश की सीमा पर हिमाचल नंबर की गाड़ियों से कथित ‘खालसा टैक्स’ वसूले जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मुद्दे को लेकर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
हिमाचल के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि पंजाब में कुछ निहंगों ने हिमाचल सरकार के एंट्री टैक्स के विरोध में वाहनों से ‘खालसा टैक्स’ वसूला। उनका कहना था कि हिमाचल सरकार द्वारा लगाया गया एंट्री टैक्स गलत है और इसे समाप्त किया जाना चाहिए।
जगत नेगी ने इस पूरे घटनाक्रम को अकाली दल और भाजपा की सोची-समझी साजिश बताया। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन शुरू होते ही इस तरह के विवाद खड़े किए जाते हैं, जिससे प्रदेश की छवि प्रभावित होती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ‘खालसा टैक्स’ पूरी तरह गैरकानूनी है।
जानकारी के अनुसार, कीरतपुर में बुधवार को कुछ घंटों तक हिमाचल नंबर की गाड़ियों को रोककर टैक्स वसूला गया। बाद में पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद यह गतिविधि बंद कर दी गई।
वहीं, कांग्रेस के पूर्व विधायक नीरज भारती ने निहंगों के कदम का समर्थन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि यदि हिमाचल में बाहरी वाहनों से एंट्री टैक्स लिया जा सकता है, तो अन्य राज्यों को भी हिमाचल की गाड़ियों से ऐसा टैक्स लेने का अधिकार होना चाहिए।