नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आईवी कंट्री सोसाइटी में शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब 28 मंजिला टावर की 12वीं मंजिल पर बने एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया और खिड़कियों से ऊंची-ऊंची लपटें तथा काले धुएं का गुबार निकलने लगा।
आग लगते ही सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। निवासी सीढ़ियों के रास्ते बाहर निकले, जबकि प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरी बिल्डिंग खाली करा दी। आसपास की इमारतों को भी एहतियातन खाली कराया गया।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन 12वीं मंजिल तक पानी का प्रेशर नहीं पहुंच पाने के कारण आग बुझाने में काफी दिक्कत आई। इसके बाद हाइड्रोलिक क्रेन की मदद ली गई। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फ्लैट की बालकनी में रखे एयर कूलर में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी, जो तेजी से पूरे घर में फैल गई। हादसे में फ्लैट का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग बुझाने में हो रही देरी को लेकर कुछ स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड की व्यवस्था पर सवाल भी उठाए। उनका कहना था कि ऊंची इमारतों में आग से निपटने के लिए मौजूदा संसाधन पर्याप्त नहीं हैं।फिलहाल दमकल विभाग आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रहा है। वही बता दे कि बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित एक निजी अस्पताल के ICU में भीषण आग लगने से 4 लोगों की मौत हो गईथी, जबकि दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे होटल में लगी आग ने 21 लोगों की जान ले ली थी ।