जालंधर: शहर के अवतार नगर इलाके में 29 साल की महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान नीतू के रूप में हुई है, जिसने करीब डेढ़ साल पहले प्रेम विवाह किया था। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, नीतू ने अवतार नगर निवासी मनी नामक युवक से लव मैरिज की थी और शादी के बाद दोनों वहीं रह रहे थे। वीरवार को अचानक उसकी मौत की सूचना परिवार को मिली, जिसके बाद रिश्तेदार मौके पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि नीतू की तबीयत बिगड़ने पर पड़ोस में रहने वाला एक व्यक्ति उसे तुरंत सिविल अस्पताल लेकर गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला की मौत हो चुकी थी।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि नीतू के गले पर चोट और कसाव के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर से गायब बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पूछताछ के दौरान मृतका की सास ने बताया कि उसका बेटा मनी शहर में ही कहीं है, लेकिन घटना के बाद से उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नीतू का परिवार बेटी की मौत को लेकर न्याय की मांग कर रहा है।