मोहाली के फेज-11 स्थित एक निजी कंपनी के ऑफिस में गुरुवार शाम दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। कंपनी में काम करने वाली 29 साल की डिंपल की उसके सहकर्मी हरजिंदर ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या की कोशिश की, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, शाम करीब 7:30 बजे डिंपल अपने डेस्क पर काम कर रही थी। इसी दौरान हरजिंदर चाकू लेकर उसके पास पहुंचा और अचानक हमला कर दिया। हमले से बचने के लिए डिंपल ऑफिस में इधर-उधर दौड़ती रही, लेकिन आरोपी उसका पीछा करता रहा और लगातार चाकू से वार करता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसने कुछ ही सेकेंड में युवती पर कई बार हमला किया।
ऑफिस स्टाफ ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें भी चाकू दिखाकर धमकाया। कर्मचारियों ने उसका एक चाकू छीन लिया, लेकिन वह अपने साथ दूसरा चाकू भी लेकर आया था और उसी से हमला जारी रखा। जब उसे लगा कि डिंपल की मौत हो चुकी है, तो उसने खुद पर भी चाकू से वार कर अपना गला काट लिया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया, जबकि हरजिंदर का इलाज जारी है। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए हैं और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
ब्रेकअप से नाराज था आरोपी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पिछले करीब तीन सालों से एक ही कंपनी में काम कर रहे थे। इस दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बने थे, लेकिन कुछ समय पहले उनका ब्रेकअप हो गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी रिश्ते को दोबारा जोड़ना चाहता था, लेकिन बात नहीं बनी। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और मामला खूनी वारदात में बदल गया।
फेज-11 थाना पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की असल वजह और दोनों के रिश्तों की पूरी पड़ताल की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।