ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब सिविल सचिवालाय को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले को चंडीगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सौरव बिस्वास के रूप में हुई है जो पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में भेजकर एक दिन का रिमांड हासिल कर लिया है.
पुलिस मामले की तकनीकी जांच में जुटी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सौरव बिस्वास ने पंजाब सिविल सचिवालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर बम धमाके की धमकी वाला ईमेल भेजा था। ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस अलर्ट हो गईं तथा मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच, ईमेल ट्रैकिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ईमेल भेजने के पीछे आरोपी का मकसद क्या था और क्या उसने यह काम अकेले किया या किसी अन्य व्यक्ति के कहने पर। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि धमकी वाला ईमेल किस डिवाइस और इंटरनेट कनेक्शन से भेजा गया था तथा कहीं इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क या अन्य सहयोगी तो नहीं हैं।