पंजाब के बटाला शहर में गाड़ी क्रॉस करने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बटाला-गुरदासपुर रोड स्थित सिंबल चौक के पास दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद दोनों ओर से लाइसेंसी हथियारों से फायरिंग हुई, जिसमें एक निहंग सिंह की मौत हो गई, जबकि दूसरे पक्ष के तीन युवक घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे पर वाहन ओवरटेक करने को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस हो रही थी। स्थानीय लोगों ने मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ गया। आरोप है कि फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार युवकों ने अचानक पिस्तौल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग होते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान दूसरे वाहन में सवार निहंग सिंह दीपइंदर सिंह ने भी आत्मरक्षा में अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से जवाबी फायरिंग की।
दोनों पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में दीपइंदर सिंह को गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी ओर से की गई जवाबी फायरिंग में फॉर्च्यूनर सवार तीन युवक घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। बटाला के एसएसपी डॉ. महताब सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि गाड़ी क्रॉस करने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों ने अपनी-अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।