ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में सिविल सर्जन डॉ. सतिंदरजीत सिंह बजाज का एक्सीडेंट हो गया है। वह ड्यूटी के जाने के लिए पीएपी चौक पर बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी और वह वहीं पर गिर पड़े। जिसके बाद उन्हें जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका ईलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक डॉ. सतिंदरजीत बजाज का अमृतसर अस्पताल में ट्रांसफर हो चुका है। ऐसे में वह अपनी वृद्ध माता का हालचाल जानने और उनसे मुलाकात करने के लिए जालंधर आए हुए थे। शुक्रवार सुबह मां से मिलने के बाद वह वापस अमृतसर में ड्यूटी पर जाने के लिए पीएपी चौक पर पहुंचे। इस दौरान उनके पीछे खड़े ट्रक की वह चपेट में आ गए। जैसे ही ट्रक ने डॉ. बजाज को टक्कर मारी, वह सड़क पर गिर गए।
उनकी आवाज सुन मौके पर मौजूद राहगीरों ने शोर मचाना शुरू किया और ट्रक चालक को चिल्लाकर गाड़ी रोकने के लिए कहा। लोगों की मुस्तैदी के कारण ट्रक तुरंत रुक गया, जिसके बाद स्थानीय निवासियों ने भारी मशक्कत के बाद घायल डॉक्टर को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला।
इस हादसे में उनके शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर और गहरी चोटें आई हैं। घटना में लहूलुहान हुए डॉक्टर को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर और स्थिर बताई है। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।