पटना में चर्चित शिक्षक खान सर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पटना के कदमकुआं थाना में फैसल खान उर्फ खान सर के खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का दावा है कि उनके सुरक्षाकर्मियों ने बयान दिया है कि फायरिंग से पहले खान सर ने कहा था, “तुम गोली चलाओ, बाकी हम देख लेंगे।” इसी आधार पर उन्हें FIR में नामजद किया गया है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत केस दर्ज किया है, जिसमें दोषी पाए जाने पर 10 साल तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है। इस धारा में अग्रिम जमानत मिलना भी आसान नहीं माना जाता।
FIR दर्ज होने के बाद खान सर की कोचिंग पर उनके वकील पहुंचे। वहीं, कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए IG कार्यालय में पुलिस अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक भी हुई। पुलिस ने छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी कोचिंग संस्थान के बहकावे में न आएं।
हालांकि, खान सर ने कहा कि उन्हें FIR की जानकारी नहीं है और वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने दावा किया कि उनके गार्ड्स ने आत्मरक्षा में फायरिंग की थी और इसकी जांच संबंधित सुरक्षा एजेंसी करेगी।
यह मामला 2 जून की रात का है, जब पटना स्थित खान सर की कोचिंग पर हमला हुआ था। घटना के दौरान बॉडीगार्ड्स द्वारा फायरिंग किए जाने का वीडियो भी सामने आया था। पुलिस इस मामले में दोनों सुरक्षाकर्मियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है और खान सर से भी पूछताछ की जा चुकी है।
घटना के बाद खान सर का एक नया वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे छात्रों को कोचिंग पर हुए हमले और उससे जुड़े घटनाक्रम की जानकारी देते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उन्होंने दावा किया कि उनके गार्ड को बेरहमी से पीटा गया था और मामले को असली मुद्दे से भटकाया जा रहा है।
खान सर ने छात्रों से कहा कि यदि उनकी कोचिंग बंद हो गई तो आने वाले महीनों में कई संस्थानों की फीस काफी बढ़ सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य केवल शिक्षा देना है, न कि पैसा कमाना।पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।