पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम लगातार करवट ले रहा है। मौसम विभाग ने 6 जून को राज्य के 7 जिलों में बारिश और 3 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। वहीं पठानकोट, होशियारपुर, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, रूपनगर और मोहाली में बारिश होने के आसार हैं।
वही अगर मौजूदा परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो दक्षिण-पश्चिम मानसून 20 से 25 जून के बीच पंजाब में प्रवेश कर सकता है। हालांकि इस साल प्रदेश में सामान्य से 8 से 10 प्रतिशत कम मानसूनी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
उन्होंने कहा कि जून के मध्य से प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो सकती हैं, जिसके चलते कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश देखने को मिल सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान हुई बारिश से अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री नीचे पहुंच गया है। बठिंडा में सबसे अधिक 42 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
राज्य में जून के पहले पांच दिनों के दौरान औसतन 3.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य औसत से 10 प्रतिशत अधिक है। सबसे ज्यादा वर्षा एसबीएस नगर, अमृतसर, रूपनगर और मानसा में रिकॉर्ड की गई, जबकि बरनाला, मोगा और पठानकोट में अब तक बारिश नहीं हुई है।
कल इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 7 जून को पठानकोट, गुरदासपुर और होशियारपुर के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 8 और 9 जून को अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है।