ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर से जम्मू जा रही एक तेज रफ्तार ने बाइक और स्कूटी सवार 4 लोगों को कुचल दिया। जिस कारण हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाकी के 2 लोगों की हालत काफी ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। मृतकों की पहचान रणजीत सिंह (38) और अरुण कुमार (32) के तौर पर हुई है। इस हादसे के गुस्साए लोगों ने बस में आग लगा दी, जिस कारण माहौल तनावपूर्ण बन गया।
बस से कंट्रोल खोने के बाद सड़क किनारे चढ़ाई बस
जानकारी के मुताबिक लक्ष्मी हॉलिडेज़ की बस जालंधर से जम्मू जा रही थी। सुबह करीब 10 बजे ड्राइवर ने बस से अपना कंट्रोल खो दिया। जिस कारण बस ने सड़क किनारे खड़ी एक बाइक और स्कूटी सवार को कुचल दिया। कुचलने के बाद भी ड्राइवर ने बस नहीं रोकी और वह घसीटते हुए करीब 200 मीटर तक दूर ले गया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्ची की जान बच गई। टक्कर के बाद बस भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे से गुस्साए लोगों ने लगाई बस में आग
घटना के दौरान चश्मदीद लोगों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद बस ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। इस घटना से गुस्साए लोगों ने बस में आग लगा दी। इस सड़क पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। प्रशासन को बस ड्राइवरों की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों।
बस मालिक और ड्राइवर पर होगी कार्रवाई- पुलिस
मौके पर पहुंचे एसपी गुरइकबाल सिंह ने बताया कि तेज रफ्तार और लापरवाही से बस चलाने के कारण यह भीषण हादसा हुआ, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने बस में आग लगा दी। पुलिस फरार ड्राइवर की तलाश कर रही है। बस ड्राइवर और मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।