पंजाब के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। देर रात से कई जिलों में बारिश हो रही है। वही अमृतसर, जालंधर और पठानकोट में सीभ से बारिश हो रही है, साथ ही साथ करीब 10 सेकंड तक ओले भी गिरे। पठानकोट के कई इलाकों में रात करीब 10 बजे से बिजली गुल है, जिससे पानी की सप्लाई भी प्रभावित हुई है। कई जगह बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं।
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने पंजाब और चंडीगढ़ के लिए बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है।
बीते दिन (15 मार्च) हुई बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में 6.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मार्च में पहली बार तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री कम हो गया, जिससे ठंड का एहसास बढ़ गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान अबोहर में 28°C दर्ज किया गया, जबकि चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 26.5°C रहा।
आज 11 जिलों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इनमें पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली शामिल हैं। इन जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।।
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार आज के अलावा 17, 18 और 21 मार्च को भी अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है। इसके बाद दो दिनों में तापमान फिर 3 से 5 डिग्री बढ़ने और फिर से गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पंजाब और आसपास के इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। दक्षिण हरियाणा के ऊपर चक्रवाती हवा का घेरा बना हुआ है और ऊपरी स्तर पर तेज पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। इसी के प्रभाव से पंजाब, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाने, हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने के आसार बने हुए हैं।