पंजाब के बठिंडा जिले के मौड़ मंडी से दुखद खबर सामने आई है। कांग्रेसी नेता सुखराज नत्त के बेटे और पेशे से वकील दविंदर नत्त ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
वीडियो रिकॉर्ड किया फिर गोली मार दी जान
मृतक ने यह कदम उठाने से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उन्होंने मोहाली के एक बिल्डर पर गंभीर आरोप लगाए। दविंदर ने कहा कि बिल्डर ने उनसे करोड़ों रुपये लिए, लेकिन पैसे वापस नहीं किए और उनके साथ धोखाधड़ी की गई।
वीडियो में उन्होंने बताया कि उनके पिता सुखराज नत्त ने जमीन बेचकर पैसे दिए थे। पिता के निधन के बाद मिले पैसे भी उन्होंने उसी बिल्डर को दे दिए, लेकिन उन्हें इंसाफ नहीं मिला। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपनी शिकायत लेकर मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां के पास भी गए थे, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
दविंदर नत्त ने वीडियो में कहा कि उनके साथ बहुत बड़ा धोखा हुआ है और चारों तरफ से निराश होकर वह अपनी जीवन लीला समाप्त कर रहे हैं। उन्होंने अपने परिवार के लिए इंसाफ की अपील भी की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।