पंजाब के लुधियाना में गैंगस्टर के नाम पर धमकी देने का मामला सामने आया है। थाना सराभा नगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विदेशी नंबर से कॉल परिवार को डराया
शिकायतकर्ता तकदीर सिंह और कुलदीप सिंह (पुत्र परमिंदर सिंह), निवासी बाड़ेवाल, लुधियाना ने पुलिस को बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति अर्श डल्ला के नाम पर फेसबुक पर लाइव आकर उनके परिवार को धमका रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि 17 अप्रैल 2026 को उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर (+92-3061335479) से व्हाट्सएप कॉल आई, जिसमें करीब 1 मिनट 11 सेकंड तक धमकियां दी गईं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(2) और आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल कॉल डिटेल और संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने साल 2022 में अर्श डल्ला को आतंकी घोषित किया था। उस पर देशभर में 70 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसके गैंग में 300 से ज्यादा सदस्य सक्रिय बताए जाते हैं।