पंजाब में नशे का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। जालंधर के एक पॉश इलाके से नशे की ऐसी खौफनाक तस्वीर सामने आई है, जिसने पुलिस और प्रशासन के दावों की पोल खोल दी है। शहर के वीवीआईपी इलाके यानी पुलिस कमिश्नर दफ्तर से महज 1 किलोमीटर दूर अलास्का चौक के पास दो युवक सरेआम नशे की हालत में झूमते हुए कैमरे में कैद हुए हैं।
बीच सड़क खड़े-खड़े सो रहे थे नशेड़ी
राहगीरों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों युवकों ने खतरनाक ‘चिट्टे’ या किसी अन्य घातक ड्रग्स का हैवी ओवरडोज लिया हुआ था। नशे का असर इस कदर था कि दोनों युवक अपनी सुध-बुध खो चुके थे और सड़क किनारे खड़े-खड़े ही सोने की कोशिश कर रहे थे। उनकी सोचने-समझने की शक्ति पूरी तरह खत्म हो चुकी थी और वे शरीर पर नियंत्रण खोकर बुरी तरह झूल रहे थे।
VVIP इलाके में घटना से पुलिस गश्त पर सवाल
इस घटना ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस अलास्का चौक के पास यह सब चल रहा था, वहां से पुलिस कमिश्नर का दफ्तर बेहद नजदीक है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर इतने सुरक्षित और संवेदनशील इलाके में नशेड़ी खुलेआम ड्रग्स लेकर घूम रहे हैं, तो शहर की सुरक्षा और पुलिस गश्त का भगवान ही मालिक है।
जालंधर में पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
जालंधर में नशे की हालत में युवाओं के झूलने का यह कोई पहला वीडियो नहीं है। इससे पहले भी जालंधर रेलवे स्टेशन के पास से एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस समय पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन इस ताजा घटना ने उन दावों की हवा निकाल दी है। स्थानीय नागरिकों में इस बात को लेकर भारी चिंता है और वे पंजाब सरकार व पुलिस से ड्रग्स तस्करों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।