पंजाब और चंडीगढ़ में पिछले 3 दिनों से जारी बारिश ने भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी है। तापमान में 4.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे यह सामान्य से 7.6 डिग्री नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 4 जून तक राज्य के कई हिस्सों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं का यलो अलर्ट जारी किया है।
हालांकि, इस तात्कालिक राहत के बीच मौसम विभाग (IMD) की एक बड़ी चेतावनी ने चिंता बढ़ा दी है इस साल पंजाब में मानसून सामान्य से कम रहने की आशंका है।
4 जून तक यलो अलर्ट, फिर बढ़ेगा पारा
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण उत्तर भारत का मौसम ठंडा बना हुआ है। 6 जून तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा, लेकिन 4 जून के बाद तापमान दोबारा बढ़ना शुरू होगा और अगले एक सप्ताह में यह 6 से 8 डिग्री तक बढ़ सकता है।
अगले 3 दिनों का मौसम अनुमान:
2 जून: पठानकोट, अमृतसर, बठिंडा और मानसा सहित 10 जिलों में 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना। जबकि 3 जून को बारिश का दायरा बढ़ेगा। लुधियाना, पटियाला, मोहाली और जालंधर समेत लगभग पूरे पंजाब में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। 4 जून को मालवा और मांझा के कई जिलों में धूलभरी आंधी और बारिश की गतिविधि तेज रह सकती है।
कमजोर मानसून की चेतावनी
IMD के मुताबिक, इस साल पंजाब में मानसूनी बारिश लंबी अवधि के औसत के 92% से भी कम रह सकती है। मानसून के जुलाई की शुरुआत में पहुंचने की उम्मीद है।