ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर की राजा गार्डन कॉलोनी में सोमवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब दो स्कूटियों पर सवार चार युवक कथित तौर पर हथियार लेकर गली में घूमते दिखाई दिए। पूरी घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
किसी को निशाना बनाने की आशंका
घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में डर और चिंता का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि युवक किसी व्यक्ति को निशाना बनाने की नीयत से इलाके में आए हो सकते हैं। हालांकि, अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि उनका उद्देश्य क्या था और वे किसकी तलाश में वहां पहुंचे थे। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की जानकारी मिलने के बाद मोहल्ला निवासियों ने संबंधित सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी और स्थानीय पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच टीम वीडियो में दिखाई दे रहे संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद युवकों से पूछताछ की जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।