चंडीगढ़ में VIP और फैंसी वाहन नंबरों का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है। रजिस्ट्रेशन एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी (RLA), यूटी चंडीगढ़ द्वारा आयोजित ताजा ई-नीलामी में लोगों ने पसंदीदा नंबरों के लिए लाखों रुपये खर्च कर दिए। तीन दिनों तक चली ऑनलाइन बोली प्रक्रिया में इस बार CH01-DF-0003 नंबर सबसे महंगा रहा, जो 37.63 लाख रुपये में बिका। वहीं CH01-DF-0001 नंबर के लिए 23.55 लाख रुपये की बोली लगी।
नीलामी में कुल 683 वाहन नंबरों की सफल बोली लगी, जिससे चंडीगढ़ प्रशासन को 4.13 करोड़ रुपये से अधिक की आय हुई। हालांकि, अब तक का रिकॉर्ड मार्च 2026 में बना था, जब CH01-DD-0001 नंबर 53.88 लाख रुपये में बिका था।
दिलचस्प बात यह रही कि जिस टोयोटा फॉर्च्यूनर लेजेंडर गाड़ी पर यह नंबर लगाया गया, उसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये थी। यानी मालिक ने गाड़ी की कीमत से भी ज्यादा रकम सिर्फ नंबर प्लेट खरीदने पर खर्च कर दी।
फैंसी नंबरों की इस नीलामी में भाग लेने के लिए वाहन मालिकों को 1,000 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क और नंबर के अनुसार तय रिजर्व प्राइस जमा करानी होती है। इसके बाद तीन दिनों तक ऑनलाइन बोली लगाकर मनचाहा नंबर हासिल किया जा सकता है।
चंडीगढ़ में फैंसी नंबरों के प्रति लोगों का जुनून इस बात से साफ है कि कई खरीदार अपनी गाड़ियों से भी ज्यादा कीमत सिर्फ खास नंबर पाने के लिए चुकाने को तैयार हैं।