पंजाब और चंडीगढ़ में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 3 जून से नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक तेज आंधी, गरज-चमक, आसमानी बिजली और बारिश की संभावना है। विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार प्रदेश में तापमान में पिछले दिन की तुलना में 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य से 2.3 डिग्री कम बना हुआ है। बठिंडा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अन्य जिलों में तापमान 35.3 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जिससे फिलहाल हीटवेव की संभावना नहीं है।
18 जिलों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। वहीं पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, लुधियाना और संगरूर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
क्यों बदल रहा है मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और 4 जून के आसपास इसके केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।
अगले चार दिन का मौसम
4 जून: पंजाब के सभी 23 जिलों में बारिश और आंधी की संभावना।
5 जून: फरीदकोट, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर और पटियाला में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट।
6 जून: फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 3 से 6 जून के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। अगले दो दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है, लेकिन इसके बाद फिर गिरावट दर्ज होने की संभावना है।