पंजाब के लुधियाना के जमालपुर इलाके में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक घर की रसोई में रखा प्रेशर कुकर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि घर की एक दीवार ढह गई और कमरे में आग लग गई। हादसे में मां-बेटा समेत तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
आग में मां-बेटा समेत 3 झुलसे
जानकारी के अनुसार, विचित्र नगर स्थित एक मकान के ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले विनोद, उनकी पत्नी रीमा और 14 साल के बेटे के साथ यह हादसा हुआ। परिवार जिस कमरे में सोता था, उसी में रसोई भी बनी हुई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रात को खाना बनाते समय परिवार ने गैस पर कुकर चढ़ाया था, लेकिन उसे बंद करना भूल गया। लगातार गर्म होने से कुकर में अत्यधिक दबाव बन गया और सुबह करीब साढ़े छह बजे वह विस्फोट के साथ फट गया।
हालत गंभीर होने पर PGI चंडीगढ़ रेफर
धमाके के बाद कमरे में आग लग गई और दीवार का मलबा परिवार पर आ गिरा। आसपास के लोगों ने धमाके की आवाज सुनते ही मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की और मलबे में फंसे तीनों घायलों को बाहर निकाला। उन्हें पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
पड़ोसी खुर्शीद आलम ने बताया कि धमाके की आवाज बेहद तेज थी। बाहर निकलकर देखा तो कमरे में आग लगी हुई थी और दीवार टूट चुकी थी। उन्होंने आशंका जताई कि रातभर गैस रिसाव भी हुआ हो सकता है, जिससे हादसा और भी गंभीर हो गया।
जांच में जुटी पुलिस
थाना जमालपुर के SHO प्रमोद राज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक कुकर फटने से हादसा हुआ है, लेकिन सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।