पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने 4 जून से 6 जून तक बारिश, गरज-चमक और तेज आंधी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम में बदलाव के चलते फिलहाल लोगों को हीटवेव से राहत मिलेगी, हालांकि इसके बाद मौसम के शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
जून की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने फिर असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के औसत तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य से 2.7 डिग्री कम है। फरीदकोट में सबसे अधिक 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
विभाग का कहना है कि आज पंजाब के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। हालांकि 5 जून से पश्चिमी क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां कम होने लगेंगी और धीरे-धीरे पूर्वी इलाकों की ओर बढ़ेंगी। चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में भी अगले दो दिनों तक तेज हवाएं, गरज-चमक और कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश देखने को मिल सकती है। राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान 35 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है।
इस बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून भी धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप तथा अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ अन्य हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। मौसम विभाग ने इस दौरान तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और कई क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है।