ख़बरिस्तान नेटवर्क : शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को लेकर मजीठा हलके में पोस्टर वॉर शुरू हो चुका है। जहां पहले मजीठिया के भगौड़ा और गुमशुदगी के पोस्टर लगे थे तो वहीं अब मजीठिया को लेकर एक नए पोस्टर लगे हुए हैं। जिस पर लिखा हुआ है कि ‘रंगे बिल्ले को कह दो, टाइगर अभी जिंदा है’।
जानें क्या है पूरा मामला
दरअसल यह पूरा मामला अकाली समर्थक जोबनप्रीत की गिरफ्तारी से शुरू हुआ। जहां जोबनप्रीत को पुलिस ने पूर्व पार्षद परमजीत सिंह उर्फ पम्मा की शिकायत पर मारपीट, स्नैचिंग और पगड़ी उतारने के संगीन आरोपों में गिरफ्तार किया था।
इसके बाद जोबनप्रीत को मजीठा थाने से कथित रूप से जबरन छुड़ाने के आरोप में अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज कर ली थी।
‘गुमशुदा’ के पोस्टरों से बढ़ा था तनाव
FIR के बाद से ही पंजाब पुलिस बिक्रम सिंह मजीठिया की तलाश में जुटी हुई है। जिसके बाद मजीठा और मजीठा गेट पर अज्ञात लोगों या विरोधी दलों द्वारा मजीठिया की तलाश के “गुमशुदा भगोड़े” वाले होर्डिंग्स और पोस्टर लगा दिए गए थे। इसी के जवाब में अब मजीठिया के टाइगर अभी जिंदा है के पोस्टर लगे हैं।