लुधियाना से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां के नजदीकी गांव ढोलण के 24 साल के युवक की दुबई में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रदीप सिंह, पुत्र जगदीश सिंह के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, प्रदीप सिंह रोजी-रोटी कमाने के लिए महज 15 दिन पहले ही दुबई गया था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पूर्व पंच कर्मजीत सिंह ढोलण ने बताया कि प्रदीप एक मजदूर परिवार से संबंध रखता था और घर की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए विदेश गया था। अचानक कंपनी की ओर से उसके पिता को फोन कर बताया गया कि दिल का दौरा पड़ने से प्रदीप की मौत हो गई है।
दो भाइयों की भी मौत हो चुकी
उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले प्रदीप के दो भाइयों की भी मौत हो चुकी है। मृतक अपने पीछे बहन, दादा-दादी और माता-पिता को छोड़ गया है, जो गहरे सदमे में हैं।