पंजाब के लुधियाना में तीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। जानकारी के अनुसार, धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत छुट्टी घोषित कर दी और बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया गया। बड़ी संख्या में अभिभावक बच्चों को लेने स्कूल पहुंचे।धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और बम स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और स्कूल परिसरों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। साथ ही रेलवे ट्रैक के आसपास भी सुरक्षा बढ़ा दी गई और सघन जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई है, जिसकी जांच साइबर सेल द्वारा की जा रही है। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है।
इसी बीच बठिंडा में भी दो स्कूलों सेंट जेवियर और मिलेनियम स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद दहशत का माहौल बन गया। साथ ही बठिंडा रेलवे स्टेशन को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई थी।
जांच में जुटी पुलिस
सुरक्षा को देखते हुए दोनों स्कूलों को खाली करवा लिया गया और बच्चों को घर भेज दिया गया। रेलवे स्टेशन पर भी पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है और यात्रियों की जांच की जा रही है।पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं और लोगों से शांति बनाए रखने व अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई है।