पंजाब में महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सहायता के लिए ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ की शुरुआत मंगलवार (14 अप्रैल) से होने जा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान जालंधर दौरे के दौरान इस योजना का शुभारंभ करेंगे।
सरकार 15 अप्रैल से 9 विधानसभा हलकों आदमपुर, मलोट, श्री आनंदपुर साहिब, दीड़बा, सुनाम, मोगा, कोटकपूरा, बटाला और पटियाला देहातीमें इसका पायलट प्रोजेक्ट शुरू करेगी। इसके बाद 15 मई से राज्य के बाकी 108 हलकों में भी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को जुलाई महीने से हर महीने ₹1000 या ₹1500 की सम्मान राशि दी जाएगी। इसके लिए सरकार ने 9200 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया है।
डीबीटी राही खातों में भेजी जाएगी राशि
योजना के लिए पंजीकरण आंगनबाड़ी केंद्रों और सेवा केंद्रों पर पूरी तरह मुफ्त किया जाएगा। लाभार्थियों को मिलने वाली राशि सीधे उनके आधार से जुड़े बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के जरिए भेजी जाएगी। यदि किसी लाभार्थी की मृत्यु हो जाती है, तो पहले दी गई सहायता राशि वापस नहीं ली जाएगी, लेकिन आगे की किस्तें बंद कर दी जाएंगी। योजना की निगरानी के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक हाई-लेवल कमेटी बनाई गई है, साथ ही जागरूकता के लिए मोबिलाइजर और फैसिलिटेटर भी तैनात किए जाएंगे।