जालंधर के बस्ती गुजा इलाके में स्थित एक सैलून में उस समय हंगामा हो गया, जब ग्राहक और सैलून मालिक के बीच विवाद बढ़कर हिंसक झड़प में बदल गया। जानकारी के मुताबिक, मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हुई।पीड़ित तरुण कुमार का आरोप है कि वह कई बार सैलून में बाल कटवाने के लिए गया, लेकिन उसे बार-बार टाला गया।
लेकिन जब वह दोबारा पहुंचा तो सैलून कर्मियों ने कटिंग करने से साफ मना कर दिया, जिसके बाद वह किसी अन्य सैलून चला गया। तरुण का कहना है कि इसके बाद उसे सैलून मालिकों की ओर से लगातार फोन कर गालियां दी गईं।
तरुण के अनुसार, जब वह अपने दोस्तों के साथ बात करने के लिए वापस ‘वीआईपी सैलून’ पहुंचा, तो वहां मौजूद 3-4 लोगों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने सैलून में इस्तेमाल होने वाले उस्तरे से उसकी गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किए। घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके घावों पर टांके लगाए गए।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं, सैलून मालिकों का कहना है कि तरुण अपने साथ कुछ युवकों को लेकर आया था और सैलून में तोड़फोड़ करने की कोशिश की गई। हालांकि, तरुण ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह निहत्था था और यदि उसका इरादा हमला करने का होता तो वह हथियार लेकर आता।पीड़ित का दावा है कि पूरी घटना सैलून में लगे CCTV कैमरों में कैद है। उसने बताया कि वह घर में होने वाले एक समारोह की तैयारी के लिए सैलून गया था, लेकिन उसे इस हिंसक घटना का सामना करना पड़ा। फिलहाल, मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है और पुलिस दोनों पक्षों के बयान व CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है।