जालंधर के पठानकोट चौक के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 साल के बच्चे की जान चली गई। यह हादसा रणवीर क्लासिक पैलेस के सामने हुआ। मृतक की पहचान नवांशहर निवासी वंश के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वंश अपनी मां के साथ स्कूटी पर करतारपुर से एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहा था। जैसे ही वे पठानकोट चौक के पास पहुंचे, स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और वह पास से गुजर रहे ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में वंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां बाल-बाल बच गई।प्रत्यक्षदर्शी राहुल ने बताया कि ट्रक और स्कूटी दोनों एक ही दिशा में जा रहे थे, तभी अचानक स्कूटी असंतुलित होकर ट्रक के नीचे आ गई।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही थाना आठ की पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि परिवार के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।