जालंधर के भोगपुर हाईवे पर गांव रायपुर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में ऑटो चालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
यह हादसा बुधवार रात करीब 8 बजे पठानकोट – जालंधर हाईवे पर हुआ, जब तेज रफ्तार इनोवा ने एक ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पलटकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जा पहुंचा, जहां सामने से आ रही एक अन्य कार ने भी उसे टक्कर मार दी।
हादसे में ऑटो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि ऑटो चालक की हालत गंभीर बनी हुई थी। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रिंस और करण, निवासी गांव शेर ढोला, शाहाबाद (अंबाला, हरियाणा) तथा ऑटो चालक सुनील कुमार निवासी ऋषि नगर, जालंधर के रूप में हुई है।
घायलों में गांव शेर ढोला, शाहाबाद अंबाला के चितराम, खुशप्रीत, करमवीर और विक्की शामिल हैं। सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक ऑटो चालक सुनील कुमार सवारियां लेकर पठानकोट चौक से बल्लां की ओर जा रहा था। इसी दौरान रायपुर के पास इनोवा ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए निजी अस्पताल पहुंचाया, जबकि मृतकों के शव सिविल अस्पताल जालंधर भिजवाए गए।
मौके पर पहुंची थाना मकसूदां पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने होशियारपुर के टांडा क्षेत्र से इनोवा बरामद कर ली है, जबकि आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और मामले की जांच जारी है।