ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के गांव ने ऐसा फैसला लिया है जो अब चर्चा का विषय बन गया है। अमृतसर के धारीवाल में पंचायत ने लव मैरिज करने पर रोक लगा दी है। यह फैसला सर्वसम्मति से लिया गया है और कहा कि अगर गांव का कोई लड़का-लड़की आपस में शादी करते हैं तो उन्हें गांव से बाहर कर दिया जाएगा। पंचायत ने यह फैसला 7 फरवरी को लिया।

शादी करने पर नहीं दी जाएगी सरकारी सुविधा
गांव के पंचों ने कहा कि गांव में लव मैरिज करने वाले लड़के और लड़की का ही नहीं बल्कि उनके परिवार का भी बायकॉट किया जाएगा। उन्हें मिलने वाली सभी सरकारी सुविधाएं छीन ली जाएंगी और किसी भी डॉक्यूमेंट्स पर साइन नहीं किए जाएंगे। लव मैरिज या अरेंज मैरिज किसी भी सूरत में लड़का-लड़की के परिवारों की कोई बात सुनी नहीं जाएगी।
इस कारण लिया गया यह कठोर फैसला
गांव की पंचायत ने यह फैसला इसलिए लिया क्योंकि हाल ही में 6 शादियां देखने को मिली हैं, जिनमें गांव का ही लड़का और गांव की ही लड़की है। ऐसे मामले में एक ही गली में या कई बार आमने-सामने ही मायका-ससुराल हो जाता है। गांव वालों को समझ नहीं आता कि अब लड़की उनकी बेटी है या बहू है। ऐसे में पंचायत ने गांव के अंदर किसी भी तरीके से शादी पर बैन लगा दिया है।



